Rampur News : रामपुर में मेडिकल कॉलेज शुरू कराने की मांग तेज, व्यापार मंडल ने सीएमओ से की मुलाकात


रामपुर। आज दोपहर 3:00 बजे उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल तिलक नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय से मुख्य चिकित्सा अधिकारी दीपा सिंह से मिला। इस दौरान व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने जनपद रामपुर में लंबे समय से प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज को जल्द शुरू कराने की मांग उठाई।

व्यापार मंडल के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश अग्रवाल ने कहा कि संगठन द्वारा लगातार किए गए अनुरोधों के बाद 28 मार्च 2026 को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से जिलाधिकारी कार्यालय को भूमि अधिग्रहण कार्रवाई हेतु पत्र जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि रामपुर में पीपीपी मोड पर 600 बेड का मेडिकल कॉलेज स्थापित होना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज न होने के कारण जनपद के मरीजों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हार्ट, ब्रेन, लिवर, किडनी और जनरल फिजिशियन जैसे विशेषज्ञ डॉक्टर जिला चिकित्सालय में उपलब्ध न होने के कारण हजारों मरीजों को रेफर किया जाता है। आरोप लगाया गया कि हर वर्ष लगभग 20 हजार लोगों की मौत समय पर बेहतर इलाज न मिलने की वजह से हो रही है और कई मरीज जिला अस्पताल से बाहर निकलते ही दम तोड़ देते हैं।

व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए अलीगंज बेनजीर स्थित गाटा संख्या 476, 481, 482, 483 और 122 की भूमि चिन्हित की गई है, जो ग्राम जगतपुर में स्थित उद्यान विभाग की जमीन है। इस संबंध में 7 दिसंबर 2021 को रिपोर्ट तैयार की गई थी तथा 15 दिसंबर 2021 को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक रामपुर को भूमि उपलब्ध कराने हेतु पत्र भेजा गया था। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय को भी रिपोर्ट सौंपी गई और 22 दिसंबर 2021 को निदेशक उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, लखनऊ को भूमि हस्तांतरण के लिए पत्र लिखा गया, लेकिन अब तक विभाग की ओर से कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी बताया कि पूर्व में निवेशकों की टीम भी रामपुर में मेडिकल कॉलेज की संभावनाओं का सर्वे कर चुकी है और परियोजना सरकार की मंजूरी की प्रक्रिया में है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से पुनः 28 मार्च 2026 को जिलाधिकारी कार्यालय को पत्र भेजा गया है।

व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने विश्वास जताया कि जल्द ही रामपुर को मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलेगी, जिससे जिले के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।

इस अवसर पर प्रदेश मंत्री पप्पू खान, राष्ट्रीय संरक्षक शाहिद मामू, नूर मोहम्मद, पप्पू एमपी, मिलन सक्सेना, जिला प्रचार मंत्री गोपाल शर्मा, परवेज खान, बाबू खान टायर वाले, नासिर लाला, कन्हैयालाल पटवा, शरीफ अहमद, राहुल सैनी, हंसराज अरोरा, कमल सहित सैकड़ों व्यापारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

EDITOR PICK

Rampur News : रामपुर में मेडिकल कॉलेज शुरू कराने की मांग तेज, व्यापार मंडल ने सीएमओ से की मुलाकात