रामपुर। बढ़ती आर्थिक चुनौतियों और विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहे दबाव को देखते हुए रामपुर सर्राफा एसोसिएशन ने आम लोगों से अपील की है कि वे आवश्यकता के अनुसार कम मात्रा में ही सोने की खरीदारी करें तथा पुराने आभूषणों के एक्सचेंज को प्राथमिकता दें।
यह अपील विकास भवन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के बाद की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापार मंडल और सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष अंशुल रस्तोगी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारियों को प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आर्थिक सुझावों और जागरूकता संदेशों से अवगत कराया गया।
उन्होंने कहा कि यदि लोग सीमित मात्रा में सोने की खरीदारी करें और पुराने गहनों के एक्सचेंज को बढ़ावा दें, तो इससे देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर अतिरिक्त दबाव कम किया जा सकता है। साथ ही यह कदम आर्थिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होगा।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने भी इस पहल का समर्थन किया और आम जनता से सहयोग की अपील की।
इस अवसर पर अनिल अग्रवाल सहित कई प्रमुख व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। इनमें आशीष रस्तोगी, राहुल रस्तोगी, नितिन अग्रवाल, अतुल राज, राजीव अग्रवाल, आर.के. रस्तोगी और प्रदीप प्रमुख रूप से शामिल थे।
0 टिप्पणियाँ